सोशल संवाद / डेस्क : चक्रधरपुर में चैती दुर्गा पूजा का समापन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। श्री श्री शिव शक्ति चैती दुर्गा पूजा गिरिराज सेना समिति के पंडाल में शनिवार को सुहागन महिलाओं ने पारंपरिक ‘सिंदूर खेला’ का आयोजन कर मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी।

यह भी पढे : रामनवमी विसर्जन जुलूस में शामिल हुए काले, सेवा शिविरों में पहुंचकर दी शुभकामनाएं
इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख-समृद्धि, खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना की। पूरा पंडाल भक्तिमय गीतों और जयकारों से गूंज उठा, जिससे माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु महिलाओं ने विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद परंपरा के अनुसार सिंदूर खेला की रस्म निभाई गई, जो विशेष रूप से विवाहित महिलाओं के लिए शुभ मानी जाती है।
समिति के सदस्यों के अनुसार, यह परंपरा हर साल बड़े उत्साह और आस्था के साथ निभाई जाती है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसमें भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।









