सोशल संवाद / चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर निवासी चंदा चरण गिरी ने NEET परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने उन्हें सम्मानित किया।
यह भी पढे : आखिरकार मोदी सरकार ने घुटने टेक दिए : सुधीर कुमार पप्पू
चंदा चरण गिरी ने NEET परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 23946 हासिल की है। उनकी सफलता पर उपायुक्त ने उन्हें शॉल, पौधा, डायरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बने चंदा चरण गिरी
सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि चंदा चरण गिरी की सफलता पश्चिमी सिंहभूम के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
तैयारी और भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा
इस अवसर पर उपायुक्त ने चंदा चरण गिरी से उनकी NEET परीक्षा की तैयारी, अध्ययन पद्धति और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चंदा आगे चलकर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
जिले के होनहार छात्र को मिले इस सम्मान ने अन्य युवाओं में भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास जगाया है।









