सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में स्थित चांडिल डैम की खूबसूरती अब देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित कर सकती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की है। मंगलवार को परिवार के साथ डैम पहुंचे मुख्यमंत्री ने इसकी प्राकृतिक सुंदरता का जायजा लिया और अधिकारियों को इसके समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़े : टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन को लेकर ट्रैफिक डीएसपी ने किया रूट निरीक्षण, 29 नवंबर को होगा आयोजन
चांडिल डैम बनेगा बड़ा पर्यटन केंद्र, CM हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि चांडिल डैम में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां इको-टूरिज्म को बढ़ावा देकर झारखंड को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को डैम और आसपास के इलाकों के विकास के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री का जोर इस बात पर रहा कि विकास कार्यों के दौरान प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण का संतुलन किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होना चाहिए।
बोटिंग और पर्यटकों की सुरक्षा होगी बेहतर
चांडिल डैम में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बोटिंग की सुविधाओं को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ जरूरी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।
योजना के तहत पर्यटन गतिविधियों को इस तरह विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक चांडिल पहुंचें और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलें।
इको-टूरिज्म से स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम का विकास केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इससे आसपास के ग्रामीणों और युवाओं को भी आर्थिक लाभ मिलना चाहिए।
इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जल प्रबंधन और बिजली उत्पादन पर भी बनेगी कार्ययोजना
मुख्यमंत्री ने चांडिल परियोजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने जल प्रबंधन, बिजली उत्पादन और परियोजना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी समुचित कार्ययोजना तैयार करने को कहा। सरकार की मंशा है कि चांडिल डैम और आसपास के क्षेत्र का विकास योजनाबद्ध तरीके से हो, ताकि पर्यटन के साथ-साथ परियोजना से जुड़े दूसरे उद्देश्यों को भी बेहतर बनाया जा सके।
परिवार के साथ चांडिल डैम पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को धातकीडीह जाने के क्रम में चांडिल डैम पहुंचे थे। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मौके पर कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और चांडिल के एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता समेत जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।











