सोशल संवाद / रांची : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को पूरे झारखंड में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं की व्यापक तैयारी पूरी कर ली है।
मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित होगा, जहां करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे और सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में स्थापित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का विधिवत अनावरण करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी शामिल होकर दिशोम गुरु को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में झामुमो के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समर्थकों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
झामुमो की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के सभी जिलों में प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष, योगदान और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका को याद किया जाएगा तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।









