सोशल संवाद / सरायकेला-खरसावां : समाज को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से नशे के खिलाफ संदेश देते हुए लोगों को तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील की।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान बच्चों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ समाज का यही आधार, नशामुक्त हो हर परिवार” जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मंगल सिंह सरदार, समीर कुमार सामाल, अमित कुमार, गोविन्द पात्रो, चित्रलेखा हेम्ब्रम, सीखा सामाल, मीनू एवं प्रीति गोप उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए जनसामान्य से मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील की।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है तथा इससे दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध जीवन का निर्माण किया जा सकता है।










