सोशल संवाद/डेस्क: प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था “अन्नामृत फाउंडेशन” द्वारा आज अपने संस्थान कार्यालय में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की प्रतिभाशाली बेटी एवं CISCE बोर्ड 12वीं की नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शांभवी तिवारी के माता-पिता को भी विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया।
यह भी पढ़ें: शराब और बीयर 20% तक महंगी हो सकती है: ईरान जंग का असर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले उपस्थित रहे। उन्होंने अपने कर-कमलों से शांभवी तिवारी एवं उनके माता-पिता को सम्मानित करते हुए इस उपलब्धि को पूरे जमशेदपुर एवं झारखंड के लिए गौरव का विषय बताया।
अपने संबोधन में अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि शांभवी तिवारी ने अपनी मेहनत, अनुशासन, लगन एवं समर्पण से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि शांभवी की यह ऐतिहासिक सफलता न केवल युवाओं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि शांभवी ने आज शहर एवं राज्य को गौरवान्वित किया है और आने वाले समय में वह देश की एक प्रसिद्ध डॉक्टर बनकर अपने परिवार, समाज एवं राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर अवश्य रोशन करेंगी।
सम्मान समारोह के उपरांत अमरप्रीत सिंह काले ने अन्नामृत फाउंडेशन के सेंट्रलाइज्ड किचन का अवलोकन किया। उन्होंने भोजन निर्माण की आधुनिक व्यवस्था, उच्च स्तरीय स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में अन्नामृत फाउंडेशन का कार्य अत्यंत प्रेरणादायक एवं सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संस्थाएँ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर अन्नामृत फाउंडेशन के डायरेक्टर संजीत शर्मा एवं जनरल मैनेजर अनिल कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा संस्था की कार्यप्रणाली एवं भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शांभवी तिवारी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। समारोह का वातावरण उत्साह, प्रेरणा एवं गौरव की भावना से ओत-प्रोत रहा।









