सोशल संवाद/डेस्क: लॉ की पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के लिए अहम खबर है। कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (CNLUs) ने CLAT 2026 के नतीजों के साथ ही काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जो उम्मीदवार नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज में एडमिशन लेना चाहते हैं, उन्हें तय समय के भीतर काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होगा। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 17 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन और फीस जमा करने की अंतिम तारीख 27 दिसंबर 2025 रात 10 बजे तक निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें: SSC CGL 2025 Tier 1 Result जारी, 1.3 लाख से ज्यादा उम्मीदवार सफल, रिजल्ट अब चेक करें
काउंसलिंग के लिए जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों को 30 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी, वहीं एससी, एसटी, ओबीसी, बीसी, ईडब्ल्यूएस और PwD कैटेगरी के छात्रों के लिए यह शुल्क 20 हजार रुपये रखा गया है। रजिस्ट्रेशन के दौरान छात्रों को 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, CLAT 2026 एडमिट कार्ड, कैटेगरी सर्टिफिकेट (यदि लागू हो) और डोमिसाइल सर्टिफिकेट जैसे जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
CLAT 2026 की काउंसलिंग कुल पांच राउंड में आयोजित की जाएगी। पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट 7 जनवरी 2026 को जारी होगी, जबकि दूसरी और तीसरी लिस्ट क्रमशः 22 जनवरी और 5 फरवरी 2026 को आएगी। पहले तीन राउंड में सीट पाने वाले छात्रों को 24 अप्रैल 2026 तक यूनिवर्सिटी फीस जमा करनी होगी। चौथे और पांचवें राउंड की प्रक्रिया 15 मई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
रजिस्ट्रेशन के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.com पर जाकर लॉगिन करना होगा, काउंसलिंग राउंड के लिए आवेदन करना होगा, फॉर्म भरकर फीस जमा करनी होगी और सबमिट करने के बाद कंफर्मेशन पेज को डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखना होगा।










