सोशल संवाद/डेस्क : जयपुर में तेज रफ्तार SUV कार ने सोमवार रात सड़कों पर कोहराम मचा दिया। आरोपी ड्राइवर कांग्रेस का जिला उपाध्यक्ष उस्मान खान था। जिसे मंगलवार सुबह पार्टी ने पद से हटा दिया। आरोपी ने शहर के भीड़ भरे इलाके में 7 किलोमीटर तक SUV दौड़ाते हुए 9 लोगों को कुचल दिया। घटना में भाई-बहन सहित 3 लोगों की मौत हो गई।
वहीं, 6 लोग अब भी गंभीर घायल हैं। पुलिस के अनुसार सबसे पहले शहर की एमआई रोड पर कार के वाहनों को टक्कर मारने की जानकारी मिली थी। इसके बाद कार शहर की तंग गलियों में घुस गई। यहां लोगों को टक्कर मारने के बाद कार एक तंग गली में फंसी तो आरोपी को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया। मंगलवार सुबह से लोग नाहरगढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। वे मृतकों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
एक घंटे तक सड़कों पर मौत बनकर दौड़ी कार
एडिशनल DCP (नॉर्थ) बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपी ड्राइवर उस्मान खान (62) ने सबसे ज्यादा टक्कर करीब 500 मीटर के एरिया में मारी है। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में संतोष माता मंदिर के पास आरोपी ड्राइवर ने पहले स्कूटी-बाइक को टक्कर मारी, फिर सड़क पर गिरे लोगों को कुचलते हुए भाग गया।
उस्मान खान ने थाने के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी टक्कर मारी है। आरोपी ने सोमवार रात 9.30 बजे सबसे पहले एमआई रोड पर एक गाड़ी को टक्कर मारी थी। उसके बाद शहर की गलियों से वाहनों को टक्कर मारते हुए वो नाहरगढ़ रोड पहुंचा था।
एक महिला सहित 3 लोगों की मौत
हादसे में शास्त्री नगर निवासी वीरेंद्र सिंह (48), ममता कंवर (50), नाहरगढ़ रोड निवासी मोनेश सोनी (28), मानबाग खोर शारदा कॉलोनी निवासी मोहम्मद जलालुद्दीन (44) घायल हुए। वहीं, संतोषी माता मंदिर के पास निवासी दीपिका सैनी (17), गोविंदराव जी का रास्ता निवासी विजय नारायण (65), जेबुन्निशा (50), अंशिका (24) व लालदास का खाड़ा निवासी अवधेश पारीक (37) को भी घायल स्थिति में हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने ममता कंवर और अवधेश को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह एक और घायल वीरेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। ममता कंवर और वीरेंद्र सिंह भाई-बहन थे।
कांग्रेस ने कार्यकारिणी से निष्कासित किया
नाहरगढ़ रोड पर कार की चपेट में आने वाले 6 घायलों की हालत गंभीर है। उन्हें सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) के ट्रॉमा वार्ड में एडमिट कराया गया है। वहीं, आरोपी उस्मान खान का भी देर रात को ही मेडिकल कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह काफी नशे में था।आरोपी जयपुर के शास्त्री नगर की राणा कॉलोनी का रहने वाला है।
उसकी विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में लोहे के पलंग बनाने की फैक्ट्री है। उस्मान खान लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। वो जयपुर जिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष था।मंगलवार सुबह जिला अध्यक्ष आर आर तिवाड़ी ने उसे जिला कार्यकारिणी से निष्कासित कर दिया। उस्मान खान के खिलाफ मृतक महिला ममता कंवर के पिता ने FIR दर्ज कराई है।