सोशल संवाद / जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी, झारखण्ड प्रदेश के व्यावसायिक प्रकोष्ठ के संयोजक नीरज सिंह ने बिहार में कांग्रेस नेता द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की पूज्य माता जी के प्रति की गई अत्यंत अमर्यादित, अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणी की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि यह केवल एक बयान नहीं है, बल्कि कांग्रेस पार्टी की गिरी हुई मानसिकता, संस्कारहीन राजनीति और नैतिक पतन का जीता-जागता प्रमाण है।
यह भी पढ़े : सोना देवी विश्वविद्यालय के फ्रेशर्स वीक के तीसरे दिन एनएसएस कोऑर्डिनेटर ने नए विद्यार्थीयों को
नीरज सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में “माँ” को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। “मातृदेवो भव” का उपदेश हमारी संस्कृति की आत्मा है। ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री जी की पूज्य माता जी के प्रति अपमानजनक शब्द कहना न केवल मोदी जी का, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं और भारतीय संस्कृति की जड़ों का अपमान है। कांग्रेस की यह ओछी राजनीति दर्शाती है कि अब पार्टी विचारों, सिद्धांतों और सकारात्मक एजेंडे से पूरी तरह खाली हो चुकी है और केवल गाली-गलौज, व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित शब्दावली के सहारे राजनीतिक अस्तित्व बचाए रखने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह कोई पहला अवसर नहीं है जब कांग्रेस नेताओं ने इस प्रकार की अशोभनीय और घटिया भाषा का प्रयोग किया हो। कांग्रेस का चरित्र ही अब इसी तरह की स्तरहीन राजनीति तक सीमित रह गया है। समय-समय पर कांग्रेस के बड़े नेता प्रधानमंत्री मोदी जी और उनके परिवार पर व्यक्तिगत प्रहार करते रहे हैं।
राहुल गांधी स्वयं बार-बार अपमानजनक टिप्पणियाँ करते रहे हैं और उनके इशारे पर कांग्रेस के अन्य नेता भी यही दोहराते हैं। यह स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस के भीतर अब नैतिकता, मर्यादा और लोकतांत्रिक शालीनता का कोई स्थान नहीं बचा है।
नीरज सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह से राजनीतिक हताशा, मानसिक दिवालियापन और बौखलाहट की स्थिति में है। देश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है। जनता से कट चुकी कांग्रेस अब इतनी नीचे गिर चुकी है कि उसे प्रधानमंत्री जी की पूज्य माता जी पर अपशब्द बोलने से भी परहेज़ नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में कांग्रेस अकेली दोषी नहीं है, बल्कि उसके सहयोगी भी समान रूप से जिम्मेदार हैं। तेजस्वी यादव और राजद (RJD) का मौन रहना यह साबित करता है कि वे भी कांग्रेस की इस गंदी और अपमानजनक राजनीति में सहभागी हैं। तथाकथित INDI गठबंधन का असली चेहरा अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। यह गठबंधन केवल प्रधानमंत्री मोदी जी और भाजपा के प्रति नफरत और विरोध की राजनीति पर खड़ा है। जनता के मुद्दों, विकास, सुशासन और राष्ट्रहित से इनका कोई सरोकार नहीं है।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस और उसका पूरा गठबंधन प्रधानमंत्री जी का विरोध करते-करते अब भारत की संस्कृति, माँ की गरिमा, लोकतांत्रिक परंपराओं और भारतीय समाज के मूल्यों का भी अपमान करने लगा है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष आज राजनीति में इतनी गिरावट पर पहुँच चुका है कि उसे सत्ता पाने के लिए जनता की भावनाओं और देश के आदर्शों से खिलवाड़ करने में भी कोई संकोच नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा और देश की जनता कांग्रेस व उसके सहयोगियों की इस घृणित और असंवेदनशील मानसिकता को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस नेतृत्व, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, राजद और पूरे INDI गठबंधन से यह मांग करती है कि वे तुरंत देश से सार्वजनिक माफी माँगें और दोषी नेता पर कठोर कार्रवाई करें। यदि ऐसा नहीं किया गया, तो भाजपा कार्यकर्ता गाँव-गाँव, गली-गली और घर-घर जाकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों के इस कुकृत्य को जनता के सामने उजागर करेंगे और उनका असली चेहरा सामने लाएँगे।
नीरज सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा:
“मैं नीरज सिंह, व्यावसायिक प्रकोष्ठ भारतीय जनता पार्टी, झारखण्ड प्रदेश का संयोजक, कांग्रेस और उसके सहयोगियों को यह स्पष्ट चेतावनी देता हूँ कि माँ का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। यह केवल प्रधानमंत्री मोदी जी की माता जी का नहीं, बल्कि हर भारतीय माँ का अपमान है। जनता कांग्रेस और उसके नेताओं को इस अपराध के लिए कभी माफ नहीं करेगी।”








