सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव कमलेश कुमार पाण्डेय ने हाल ही में दिल्ली का दौरा कर पार्टी नेतृत्व से अहम मुलाकातें कीं। इस दौरान उन्होंने झारखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए चल रहे प्रयासों, जमीनी स्तर पर सक्रियता और भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की। दिल्ली प्रवास को झारखंड कांग्रेस के लिए संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: फरवरी में दामोदर नद के प्रदूषण का फिर होगा अध्ययन: सरयू राय
अपने दौरे की शुरुआत में कमलेश कुमार पाण्डेय ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में संगठन सृजन अभियान की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में जिलों और प्रखंडों में हो रही संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और आम जनता से संवाद कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रभारी के. राजू ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए संगठन को और मजबूत करने के लिए सुझाव भी दिए और आगामी कार्ययोजना पर मंथन किया।
इसके बाद कांग्रेस सचिव ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) के वरिष्ठ महासचिव दिग्विजय सिंह से भी मुलाकात की। इस बैठक में झारखंड की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं में उत्साह और आगामी चुनावी चुनौतियों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। कमलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि किस तरह प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और प्रखंड स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
मुलाकात के दौरान पाण्डेय ने दिग्विजय सिंह को झारखंड आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। इस पर वरिष्ठ नेता ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए शीघ्र राज्य का दौरा करने का आश्वासन दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस संगठन को और सशक्त बनाने के लिए वे स्वयं सक्रिय भूमिका निभाएंगे और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे।
दिल्ली दौरे के बाद कमलेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन और समर्थन मिलने से झारखंड में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी आने वाले समय में और अधिक मजबूत होकर जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएगी।










