सोशल संवाद/डेस्क: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CUET UG 2026 को लेकर अहम एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि यह परीक्षा मई 2026 में आयोजित की जाएगी। इसके लिए योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें: JSSC ने वैज्ञानिक सहायक परीक्षा 2025 का संशोधित परिणाम जारी, चयनितों की सूची घोषित
NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज सही और अपडेट कर लें। आवेदन के दौरान आधार ऑथेंटिकेशन के जरिए उम्मीदवार का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, फोटो और पता स्वतः लिया जाएगा। हालांकि, माता-पिता या अभिभावक का नाम आधार में दर्ज नहीं होने के कारण यह जानकारी छात्रों को स्वयं ऑनलाइन फॉर्म में भरनी होगी।
एजेंसी ने यह भी बताया कि अगर आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम या जन्मतिथि में कोई अंतर है, तो आवेदन के समय उसे सुधारने का विकल्प दिया जाएगा। पहले से ही आधार, UDID कार्ड और कैटेगरी सर्टिफिकेट अपडेट रखने की सलाह दी गई है, ताकि आवेदन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
CUET UG 2026 परीक्षा देश और विदेश के परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में कराई जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य भाग लेने वाली यूनिवर्सिटीज में अंडरग्रेजुएट कोर्स में प्रवेश मिलेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से nta.ac.in और cuet.nta.nic.in वेबसाइट पर जाकर अपडेट चेक करते रहें।










