सोशल संवाद / रांची : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड की राजधानी रांची में मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 30 अक्टूबर तक बारिश होने की आशंका है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़े : Jaipur Tatanagar Santragachi Express शुरू, जमशेदपुर से जयपुर-कोलकाता कनेक्टिविटी बेहतर
रांची में येलो अलर्ट, प्रशासन सतर्क
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए रांची के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने आपदा प्रबंधन, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व और जल संसाधन विभाग को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है।
लगातार बारिश होने पर शहर के निचले इलाकों में जलजमाव, नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने तथा कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। कमजोर मकानों और झुग्गी-झोपड़ियों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
जलजमाव वाले इलाकों पर रहेगी नजर
बारिश की आशंका को देखते हुए नगर निगम और स्थानीय प्रशासन को नालियों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। निचले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर कमजोर मकानों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी रखने को कहा गया है।
वज्रपात और तेज हवा से बचने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर नहीं रहने और किसी पक्के मकान में शरण लेने की अपील की है। तेज हवा के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स से दूर रहने की सलाह दी गई है। जलजमाव वाली सड़कों पर वाहन चलाने और नदियों व नालों के आसपास जाने से भी बचने को कहा गया है।
किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह
लगातार बारिश से खेतों में पानी जमा होने पर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में किसानों को मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आंधी-तूफान के दौरान बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर मुख्य स्विच बंद करने की भी अपील की गई है।
लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से 28 से 30 अक्टूबर के दौरान मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन, पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी गई है।










