सोशल संवाद/डेस्क : दिल्ली भाजपा के नेता संकेत गुप्ता और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के सदस्य राजेश गोयल ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती पर सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर सोमनाथ भारती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच की मांग की है।
ये भी पढे : रांची RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना निंदनीय, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई: कुलवंत सिंह बंटी
प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शुभेन्दु शेखर अवस्थी भी मौजूद रहे। संकेत गुप्ता ने आरोप लगाया कि सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें दिल्ली कैंट क्षेत्र में 9 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसे जलाने की घटना को हालिया घटना के रूप में प्रस्तुत किया गया। जबकि यह मामला अगस्त 2021 का पुराना मामला बताया जा रहा है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि पुरानी घटना को वर्तमान कानून व्यवस्था से जोड़कर जनता में भय और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश की गई। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की भ्रामक पोस्ट से दिल्ली सरकार और प्रशासन की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।
सोमनाथ भारती ने अपने पोस्ट में लिखा था, “चार इंजन की सरकार के बावजूद अगर दिल्ली में ऐसी वीभत्स घटना हुई है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी?”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए संकेत गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार सक्रिय है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत तथ्यों के जरिए डर फैलाने की कोशिश किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
संकेत गुप्ता और राजेश गोयल ने बताया कि दिल्ली पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है और पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।










