---Advertisement---
Banner 1
Banner 2

जुगसलाई के ऐतिहासिक नया बाजार हाट मैदान को ‘अर्बन हाट’ बनाने की मांग, पार्षद अनिल मोदी ने मंत्री को लिखा पत्र

By Riya Kumari

Published :

Follow
जुगसलाई के ऐतिहासिक नया बाजार हाट मैदान को ‘अर्बन हाट’ बनाने की मांग, पार्षद अनिल मोदी ने मंत्री को लिखा पत्र

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ को पत्र लिखकर जुगसलाई स्थित ऐतिहासिक नया बाजार हाट मैदान को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘अर्बन हाट’ के रूप में विकसित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, आर्थिक विकास और स्थानीय व्यापार को नई दिशा मिलेगी।

यह भी पढे : बाल विवाह और बाल संरक्षण पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र है नया बाजार हाट मैदान

पार्षद अनिल मोदी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि नया बाजार हाट मैदान लंबे समय से जुगसलाई क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रतिवर्ष होलिका दहन, दुर्गा पूजा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

इसके अलावा मैदान में नियमित रूप से साप्ताहिक हाट लगती है, जहां आसपास के गांवों से आने वाले किसान और छोटे व्यापारी अपने कृषि उत्पाद एवं अन्य वस्तुओं की बिक्री कर आजीविका अर्जित करते हैं। यह हाट स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

परंपरा को सुरक्षित रखते हुए हो विकास

अनिल मोदी ने सुझाव दिया कि मैदान के उस हिस्से को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए जहां परंपरागत रूप से होलिका दहन और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजन होते हैं। वहीं शेष क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस अर्बन हाट के रूप में विकसित किया जाए, ताकि इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान भी बनी रहे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं भी मिल सकें।

उन्होंने कहा कि अर्बन हाट के निर्माण से स्थानीय किसानों, छोटे व्यापारियों, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और आम नागरिकों को व्यवस्थित बाजार की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

जुगसलाई के विकास को मिलेगी नई गति

पार्षद ने कहा कि प्रस्तावित अर्बन हाट न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि जुगसलाई क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे ऐतिहासिक हाट मैदान को एक नया और आकर्षक स्वरूप मिलेगा, जो भविष्य में क्षेत्र की पहचान बन सकता है।

अधिकारियों को भी भेजी गई पत्र की प्रतिलिपि

अनिल मोदी ने बताया कि इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त तथा जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी भेजी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ से जनहित में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए नया बाजार हाट मैदान को अर्बन हाट के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version