सोशल समवा / सरायकेला-खरसावां : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने सोमवार को चांडिल प्रखंड के पीवीटीजी (PVTG) बहुल सुदूरवर्ती गांवों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत चल रहे घर-घर एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरण और मतदाता सत्यापन अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत धुनाबुरु के कोड़ाबुरु, तुलग्राम और पालगाम गांवों में पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों और मतदाताओं से सीधे संवाद कर एन्यूमरेशन प्रपत्रों के वितरण, उन्हें भरने की प्रक्रिया तथा मतदाता सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा करते हुए मतदाताओं से अपने विवरण का सत्यापन कराने और पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
उपायुक्त ने क्षेत्र के दिव्यांग (PWD) एवं वृद्ध मतदाताओं के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित बीएलओ को निर्देश दिया कि दिव्यांग, वृद्ध और अन्य विशेष श्रेणी के पात्र मतदाताओं तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचकर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे।
उन्होंने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ)-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी तलेस्वर रविदास सहित संबंधित अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने, एन्यूमरेशन प्रपत्रों का समयबद्ध वितरण, योग्य मतदाताओं का सत्यापन तथा पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए ग्रामीणों को जल्द राहत दिलाने का आश्वासन दिया।










