सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड सरकार में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार रविवार को धनबाद पहुंचे. जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र आठ लेन हाइवे के पास मौजूद बिरसा मुंडा पार्क में पहुंचकर उन्होंने वंडर ब्लूम एंड एडवेंचर पार्क का उद्घाटन किया. इस दौरान मंत्री विधायक राज सिन्हा के साथ भटिंडा फॉल भी पहुंचे. इस दौरान उन्होंने फॉल के वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली. मंत्री सुदिव्य कुमार ने फॉल का जायजा लेकर राज्य के पर्यटन सूची में भटिंडा फॉल को शामिल करने की बात कही है.
यह भी पढ़ें: पतरातू वैली और डैम में प्रकृतिक का खूबसूरत नजारा, साइबेरियन बर्ड्स की अठखेलियां बना रहीं पर्यटकों को आकर्षित
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा भटिंडा फॉल: मंत्री
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि भटिंडा फॉल की खूबसूरती को खुद देखना चाहता था. उन्होंने कहा कि फॉल में सुविधाओं और अन्य संसाधन की जरूरत है, उसे समझने की कोशिश की. मंत्री ने कहा कि अधिकारियों से फॉल को लेकर बातचीत भी हुई है. सुदिव्य कुमार ने बहुत जल्द सुविधाओं में बढ़ोतरी और अन्य कई परिवर्तन करने का आश्वासन दिया
एवियरी पार्क का किया उद्घाटन
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने बिरसा मुंडा पार्क में एवियरी और फ्लावर पार्क का उद्घाटन भी किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि धनबाद वासियों के लिए एवियरी बिल्कुल नई है. कोयलांचल वासियों के लिए यह काफी सुखद एहसास देने वाला होगा. मंत्री ने कहा कि तोपचांची में पर्यटन को सरकार की ओर से एक बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसे अंतिम रूप दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि धनबाद विधायक राज सिन्हा ने सदन में इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया था, इसी संदर्भ में उन्होंने आज का ये दौरा किया.










