सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड की जेल व्यवस्था में एक बड़ा डिजिटल सुधार किया गया है। अब राज्य की जेलों में बंद कैदियों के परिजन उन्हें ऑनलाइन माध्यम से पैसे भेज सकेंगे। इस नई सुविधा की शुरुआत जेल आईजी सुदर्शन मंडल की पहल पर की गई है, जिसमें एक्सिस बैंक का सहयोग लिया गया है।
यह भी पढ़ें: मुकुल मिश्रा ने 100 कम्बल वितरित किया
जेल प्रशासन ने कैदियों के लिए डिजिटल खाते खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत परिजन घर बैठे ही सीधे जेल कैंटीन से जुड़े खाते में राशि ट्रांसफर कर सकेंगे। इससे न तो उन्हें जेल के गेट पर घंटों इंतजार करना पड़ेगा और न ही नकद लेन-देन की जरूरत होगी।
अधिकारियों के अनुसार, नकद पैसों की वजह से जेलों में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आती थीं। डिजिटल सिस्टम लागू होने से अब हर लेन-देन का रिकॉर्ड रहेगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और रिश्वत जैसी समस्याओं पर प्रभावी रोक लगेगी।
जेल कैंटीन में जमा रकम का उपयोग कैदी अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कर सकेंगे। साबुन, तेल, टूथपेस्ट और बिस्किट जैसे जरूरी सामान अब वे डिजिटल बैलेंस के जरिए खरीद पाएंगे। यह व्यवस्था रांची समेत राज्य की सभी प्रमुख जेलों में लागू कर दी गई है।
जेल प्रशासन का मानना है कि यह पहल न सिर्फ जेलों में सुधार लाएगी, बल्कि कैदियों और उनके परिवारों के लिए प्रक्रिया को आसान, सुरक्षित और पूरी तरह पारदर्शी बनाएगी।










