सोशल संवाद / नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आयोध्या स्थित राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे और चढ़ावे की चोरी का खुलासा होने के बावजूद अभी तक एफआईआर नहीं होने पर आश्चर्य जताया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में करोड़ों हिंदुओं की आस्था है।
उसी राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई, लेकिन अभी तक एक भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई। आखिर सरकार किसे बचा रही है? इस पाप में शामिल लोग कितने भी बड़े क्यों न हों, उन्हें सीधे जेल में डालो। करोड़ों लोगों की आस्था की रक्षा ज़रूरी है।
रविवार को राम मंदिर में चंदे की चोरी मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो साझा कर कहा कि आयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपए की चंदे की चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपए के कैश ही चोरी हो गया। और कई हीरे जवाहरात के बक्शे चोरी हो गए। लेकिन अभी तक एक भी एफआईआर नहीं हुई है।
इस चोरी के मामले में न उत्तर प्रदेश पुलिस ने कोई एफआईआर की है और ना ही ईडी-सीबीआई ने कोई एफआईआर दर्ज की है। इनकी केंद्र और उत्तर प्रदेश दोनों जगह सरकार है। लेकिन अभी तक कोई रेड नहीं, कोई एफआईआर नहीं हुई है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बताया जा रहा है कि इसमें बहुत बड़े-बड़े नाम शामिल हैं, अगर सही से कार्रवाई हुई तो सरकार भी गिर सकती है। देश की जनता बताए कि किसे बचाना चाहिए। सरकार को या करोड़ों लोगों की आस्था को बचाना चाहिए।










