सोशल संवाद/राँची : रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार झारखंड में उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी से दक्षिण मध्य महाराष्ट्र तक एक निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है, लेकिन इसका सीधा प्रभाव झारखंड पर नहीं पड़ रहा है। इसी वजह से राज्यभर में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।
यह भी पढे : झारखंड नगरपालिका आम निर्वाचन 2026: पूर्वी सिंहभूम में मतदान जारी, चाकुलिया में 64% से अधिक वोटिंग
पिछले 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहा और दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड का असर बना रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड दोनों का अनुभव लोगों को करना पड़ रहा है।
सरायकेला सबसे गर्म, लोहरदगा सबसे ठंडा
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया। इसके अलावा चाईबासा में 34.4 डिग्री और जमशेदपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। दूसरी ओर, सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा में दर्ज किया गया।
गढ़वा, डालटनगंज और बोकारो समेत कई जिलों में रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कई स्थानों पर यह सामान्य से 1 से 3 डिग्री अधिक रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य या उससे थोड़ा ऊपर रहने का अनुमान है।
24 फरवरी को आंशिक बदलाव, 25 से फिर शुष्क मौसम
मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 23 और 24 फरवरी को राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री तक गिरावट संभव है, जबकि इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
25 फरवरी से मौसम फिर साफ हो जाएगा और 26 से 28 फरवरी तक सुबह हल्का कुहासा तथा दिन में साफ आसमान रहने की संभावना है। इस दौरान किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। राजधानी रांची में 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री, जबकि 24 फरवरी को अधिकतम 28 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जिलों में 34°C तक पहुंचेगा पारा
राज्य के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान 34°C तक पहुंचने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में रात का तापमान 12 से 13°C तक गिर सकता है। राजधानी रांची में इन पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29°C के बीच और न्यूनतम 14 से 16°C के आसपास रहने का अनुमान है।
पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में अधिकतम तापमान 34°C रहने की संभावना है। पश्चिम सिंहभूम और सिमडेगा में भी पारा 31 से 33°C के बीच रह सकता है। वहीं देवघर, धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 29 से 33°C के बीच रहने का पूर्वानुमान है। गढ़वा, पलामू, चतरा और कोडरमा में दिन का तापमान 30 से 32°C के आसपास रहेगा, जबकि लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 13°C तक जा सकता है।










