सोशल संवाद / डेस्क : अगर आप रोजाना Wired Earphones का इस्तेमाल करते हैं, तो जेब या बैग में रखने के बाद तार का उलझ जाना आम समस्या है। कई बार ईयरफोन निकालते ही तार गांठों में फंसी मिलती है और उसे सुलझाने में काफी समय लग जाता है।
यह भी पढे : iPhone vs iPad: बड़ा होने के बावजूद iPad सस्ता क्यों? जानिए iPhone की ज्यादा कीमत का असली कारण
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो ईयरफोन को सीधे जेब में डालने के बजाय उसे सही तरीके से रखने की आदत डालें। कुछ आसान तरीकों से तार को उलझने से बचाया जा सकता है।
Figure-8 तरीके से लपेटें ईयरफोन
ईयरफोन की तार को उलझने से बचाने का एक आसान तरीका Figure-8 यानी आठ के आकार में लपेटना है।
इसके लिए सबसे पहले ईयरफोन को मोबाइल या दूसरे डिवाइस से निकाल लें। अब एक हाथ की पहली और छोटी उंगली को गाइड की तरह इस्तेमाल करते हुए तार को दोनों उंगलियों के चारों ओर आठ के आकार में लपेटें।
जब ज्यादातर तार लपेट जाए तो बचे हुए हिस्से को बीच में लपेट दें। आखिर में ईयरफोन के जैक को बने हुए लूप के अंदर से निकालकर लॉक कर दें। इससे तार जेब में खुलकर घूमने और उलझने से बच सकती है।
तार को ब्रेड की तरह बांध सकते हैं
अगर आप ईयरफोन को लंबे समय तक व्यवस्थित रखना चाहते हैं तो तार को ब्रेड की तरह बांधने का तरीका भी अपना सकते हैं। इसके लिए किसी सामान्य स्ट्रिंग की मदद ली जा सकती है।
इस तरीके में थोड़ा ज्यादा समय लगेगा, लेकिन तार को व्यवस्थित रखने के साथ बार-बार मुड़ने और घिसने से बचाने में भी मदद मिल सकती है।
मोबाइल के चारों ओर लपेटें
अगर आप मोबाइल और ईयरफोन हमेशा साथ रखते हैं तो तार को फोन के चारों ओर धीरे-धीरे लपेट सकते हैं। इससे ईयरफोन और मोबाइल एक साथ व्यवस्थित रहेंगे।
हालांकि, तार को बहुत कसकर न लपेटें, क्योंकि ज्यादा दबाव पड़ने से वायर को नुकसान हो सकता है।
Binder Clip भी आएगी काम
घर या ऑफिस में मौजूद Binder Clip भी ईयरफोन को व्यवस्थित रखने में काम आ सकती है। पहले तार को सही तरीके से लपेटें और फिर क्लिप से उसे पकड़ लें।
आप चाहें तो तार को क्लिप के मेटल वाले हिस्से के चारों ओर भी लपेट सकते हैं। इसे बैग के साथ भी लगाया जा सकता है, जिससे ईयरफोन जरूरत पड़ने पर आसानी से मिल जाएगा।
पुराने कार्ड से बनाएं Earphone Holder
अगर आपके पास कोई पुराना बेकार कार्ड है तो उससे भी ईयरफोन होल्डर बनाया जा सकता है। कार्ड में जरूरी कट और छोटे स्लॉट बनाकर ईयरबड्स को उनमें फंसाया जा सकता है।
इसके बाद तार को कार्ड के चारों ओर लपेटकर जैक को बने स्लॉट में लगाया जा सकता है। इससे ईयरफोन जेब या बैग में खुलकर उलझने से बच सकता है।
पहले से उलझ गई है तार तो ऐसे सुलझाएं
अगर ईयरफोन की तार पहले ही उलझ चुकी है तो उसे जोर से खींचकर सुलझाने की कोशिश न करें। सबसे पहले ईयरफोन को मोबाइल से अलग करें और तार को किसी साफ सतह पर सीधा रखें।
इसके बाद एक-एक करके गांठ को पहचानकर धीरे-धीरे खोलें। पूरी तार को एक साथ खींचने से वायर के अंदर मौजूद कनेक्शन को नुकसान पहुंच सकता है।












