सोशल संवाद / जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की कार्यसमिति का विस्तार किया गया है। जिला अध्यक्ष मंटू अग्रवाल ने नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए बिमल बाकरेवाल को जिला महासचिव और सीए राजेश अग्रवाल को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया है।
समाज में सदस्यता अभियान को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से नवनीत चौधरी को जिला संगठन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सदस्यता अभियान को गति देने और अग्रबंधुओं को सम्मेलन से जोड़ने का कार्य करेंगे।
जल्द होगा कार्यसमिति का और विस्तार
जिला अध्यक्ष मंटू अग्रवाल ने बताया कि कार्यसमिति के अन्य पदों पर भी जल्द नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की युवा इकाई का भी जल्द गठन किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज की युवा पीढ़ी को संगठन की गतिविधियों से जोड़ना और उन्हें नेतृत्व का अवसर प्रदान करना है।
सदस्यता विस्तार अभियान पर जोर
प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल किशोर अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में संरक्षक सदस्यता विस्तार अभियान को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत समाज के लोगों को संरक्षक सदस्य के रूप में सम्मेलन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार और समाज की एकजुटता के लिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी जरूरी है। नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से सम्मेलन की गतिविधियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।









