सोशल संवाद / डेस्क : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित खुंचीडीह में कोहिनूर स्टील प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की। बताया जा रहा है कि 66 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट लगाने के नाम पर करीब 900 करोड़ रुपये के बैंक लोन से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में यह कार्रवाई की गई है।
यह भी पढे : Uttarakhand Helicopter Crash: बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत 6 लोगों की मौत
जमशेदपुर और कोलकाता समेत 20 ठिकानों पर छापेमारी
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने कोहिनूर स्टील प्लांट प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े जमशेदपुर, कोलकाता समेत करीब 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। रांची से आई ईडी की पांच सदस्यीय टीम ने चांडिल के खुंचीडीह स्थित कंपनी परिसर में जांच की।
टीम शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे कंपनी परिसर में पहुंची और दोपहर 1 बजे तक करीब आठ घंटे तक जांच करती रही। इस दौरान कंपनी के कार्यालय और परिसर में मौजूद दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
900 करोड़ रुपये के लोन में गड़बड़ी का आरोप
जांच के मुताबिक, कंपनी ने खुंचीडीह में 66 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने के नाम पर विभिन्न बैंकों से करीब 900 करोड़ रुपये का लोन लिया था। आरोप है कि लोन की पूरी रकम निर्धारित परियोजना में इस्तेमाल नहीं की गई।
बताया जा रहा है कि लोन की कुछ राशि कथित तौर पर समूह की दूसरी कंपनियों और निजी इस्तेमाल के लिए डायवर्ट की गई। इसी मामले में ईडी वित्तीय लेन-देन और लोन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
बैंक खातों और वित्तीय दस्तावेजों की जांच
छापेमारी के दौरान ईडी की टीम ने कंपनी के कार्यालय से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और लोन से संबंधित कागजात खंगाले। जांच का उद्देश्य लोन की रकम के इस्तेमाल और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों का पता लगाना बताया जा रहा है।
कंपनी प्रबंधन में मचा हड़कंप
ईडी की छापेमारी से कंपनी प्रबंधन और परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस मामले में ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ और जांच में आगे क्या कार्रवाई होगी, इसकी जानकारी आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










