सोशल संवाद/जमशेदपुर: पश्चिमी विक्षोभ और हिमालय पर हुई बर्फबारी का असर रविवार से झारखंड में दिखने लगा है। आसमान साफ होने के साथ ही पारा में चार डिग्री तक की गिरावट आने के आसार हैं, इसके असर से करीब एक हफ्ते तक सर्द हवाएं सिहराएंगी।

यह भी पढ़ें: 5 जनवरी से मिलेंगे गणतंत्र दिवस परेड-2026 के टिकट: कीमत ₹20 से ₹100
इधर, मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को सुबह के समय रांची समेत 15 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। इसका प्रभाव रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, लातेहार, लोहरदगा, गुमला में रहेगा।

मौसम केंद्र के अनुसार, रविवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे। इससे रात में कुछ राहत मिली, लेकिन अगले 24 घंटों के दौरान मैदानी भागों से आ रही बर्फीली हवा से राज्य में कनकनी बढ़ जाएगी। इधर, बीते 24 घंटों के दौरान कांके का पारा 6.4, मैकलुस्कीगंज का 6.5 और गुमला का 6.6 डिग्री रहा। रांची का न्यूनतम पारा 12.3 डिग्री, अधिकतम 22.8 रहा।

कुहासे से विमान और रेल सेवाएं प्रभावित
शनिवार को रांची में कुहासे के कारण विमान और रेल सेवाओं पर असर पड़ा। सुबह में कोलकाता, पुणे, दिल्ली और हैदराबाद से आनेवाले चार विमान एक से दो घंटे विलंब से रांची पहुंचे। वहीं कई ट्रेनें भी घंटों विलंब से रांची पहुंचीं।










