सोशल संवाद/नई दिल्ली: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए रांची के योग शिक्षक स्वर्गीय राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के स्वर्गीय विनय राय के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर आवश्यक पहल तेज कर दी गई है।
यह भी पढे : भारत नौसेना की क्षमताओं के विस्तार और आधुनिकीकरण पर दे रहा जोर
स्वर्गीय विनय राय भाजपा कदमा मंडल के बूथ अध्यक्ष रमेश राय के पुत्र और भाजपा कदमा मंडल के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र राय के भतीजे थे। वियतनाम में एक सड़क दुर्घटना में उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और जमशेदपुर में शोक का माहौल है।
परिजनों ने विनय राय के निधन की सूचना भाजपा कदमा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरी को दी। इसके बाद उपेंद्र गिरी ने तत्काल इसकी जानकारी पूर्व खादी बोर्ड सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी को फोन पर दी। उस समय कुलवंत सिंह बंटी नई दिल्ली में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ मौजूद थे।
मामले की जानकारी मिलते ही कुलवंत सिंह बंटी ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के समक्ष विनय राय के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। इसके बाद रक्षा राज्य मंत्री के सहयोग से विदेश मंत्रालय के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
इसी क्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात कर दोनों दिवंगतों के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए व्यक्तिगत हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
उन्होंने विदेश मंत्री से आग्रह किया कि वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजी, कानूनी और अन्य औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि दोनों परिवार अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार कर सकें।
प्रेस रिलीज के अनुसार, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हरसंभव सहयोग और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। केंद्र सरकार के प्रयासों से उम्मीद जताई गई है कि स्वर्गीय राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार तक भारत पहुंच सकता है, जबकि स्वर्गीय विनय राय के पार्थिव शरीर को भी जल्द जमशेदपुर लाने की प्रक्रिया पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा परिवार स्वर्गीय विनय राय के शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के स्तर पर दोनों पार्थिव शरीरों को जल्द भारत लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कुलवंत सिंह बंटी
पूर्व खादी बोर्ड सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता











