सोशल संवाद / डेस्क : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय सभागार में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ लंबित कांडों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके जल्द निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े : आदित्यपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आपराधिक मामले में 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
समीक्षा के दौरान पुराने और गंभीर प्रकृति के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया गया। एसएसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को अनुसंधान में तेजी लाने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपराध नियंत्रण और जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। एसएसपी ने गैंग से जुड़े अपराधियों और आदतन अपराधियों के खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही दागी अपराधियों के डोजियर को नियमित रूप से अपडेट रखने और संदिग्ध व्यक्तियों का आपराधिक सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने वांछित और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। गंभीर मामलों की लगातार समीक्षा करने और अनुसंधान की प्रगति पर नजर रखने को भी कहा गया, ताकि मामलों के निपटारे में अनावश्यक देरी न हो।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करने और मामलों की जांच में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।









