सोशल संवाद / चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार के नाम और आधिकारिक फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर फर्जी प्रोफाइल बनाई गई है।
यह भी पढे : प्लास्टिक के नोट अप्रैल-मई 2027 में आएंगे:RBI गवर्नर बोले- कम मूल्य वाले नोटों से शुरुआत होगी
प्रशासन के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तैयार की गई इस फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से भ्रामक जानकारी फैलाने या अन्य अवांछित गतिविधियां संचालित किए जाने की आशंका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने साइबर सेल के माध्यम से संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी फर्जी Facebook प्रोफाइल, संदेश या फ्रेंड रिक्वेस्ट से पूरी तरह सतर्क रहें। यदि इस तरह के किसी अकाउंट से सहायता, पैसे की मांग या कोई भ्रामक सूचना साझा की जाती है, तो उस पर बिल्कुल भी विश्वास न करें।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी निजी या बैंकिंग संबंधी जानकारी ऐसे फर्जी प्रोफाइल के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। यदि किसी को साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि का सामना करना पड़े, तो तुरंत नजदीकी थाना या साइबर क्राइम सेल को इसकी सूचना दें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।









