सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर में दीपावली के पावन पर्व से पहले जिला प्रशासन ने वीर शहीदों के परिवारों को सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया। पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम की पहल पर उपायुक्त सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने शहीद परिवारों को शॉल और मिठाई भेंटकर सम्मानित किया।
यह भी पढे : Irfan Ansari Controversy: बांग्लादेश-नेपाल बयान से पलटे झारखंड के मंत्री, भाजपा ने थाने में की शिकायत
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों ने उपायुक्त का स्वागत किया। संगठन की ओर से सार्जेंट अशोक श्रीवास्तव और मिथिलेश सिंह ने अंगवस्त्र, जबकि जिला महामंत्री सुशील कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
समारोह के दौरान उपस्थित शहीद परिवारों और सैनिक प्रतिनिधियों का परिचय कराया गया। साथ ही उपायुक्त को पूर्व सैनिक सेवा परिषद की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की जानकारी दी गई।
इन शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित
सम्मान समारोह में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन (शौर्य चक्र, मरणोपरांत) के पिता, नायब सूबेदार नवीन चौधरी, शहीद किशन दुबे की माता जगमाया देवी, शहीद मनोज कुमार की पत्नी सुनीता कुमारी, शहीद जितेंद्र कुमार की पत्नी दुर्गावती देवी और शहीद पी. श्रीनिवास की पत्नी पद्मजा राव को सम्मानित किया गया।
वहीं, शहीद सिपाही गणेश हांसदा (शौर्य चक्र, मरणोपरांत) और शहीद दिलीप बेसरा के परिवारों को घाटशिला के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) उनके आवास पर जाकर सम्मानित करेंगे।
पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर संगठन की ओर से ब्रजकिशोर सिंह, सुबोध कुमार, मिथिलेश सिंह, अशोक श्रीवास्तव, विजय त्रिपाठी, सतनाम सिंह, सत्येंद्र सिंह और दिनेश सिंह उपस्थित रहे।
यह सम्मान समारोह देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक प्रयास रहा। शहीद परिवारों का सम्मान कर जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया कि देश अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के योगदान को हमेशा याद रखेगा।











