सोशल संवाद/डेस्क/FIDE Grand Swiss 2025: फिडे ग्रैंड स्विस के पांचवें राउंड में भारत को दोहरा झटका तब लगा जब सोमवार को मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को हार का सामना करना पड़ा, और वो भी 16 वर्षीय अमेरिकी ग्रैंडमास्टर अभिमन्यु मिश्रा के हाथों। मिश्रा ने 61 चालों में बाज़ी अपने नाम की और इतिहास रच दिया। वो क्लासिकल शतरंज में किसी मौजूदा विश्व चैंपियन को हराने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। इस जीत के साथ उन्होंने 33 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला।
यह भी पढ़ें: एशिया कप 2025, हांगकांग के आयुष शुक्ला बनेंगे बड़े खिलाड़ियों का सिरदर्द
उधर, भारत के ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंदा को जर्मनी के मैथियास ब्लूबाम ने मात दी। हालांकि, एक अच्छी खबर भी आई भारत के अर्जुन एरिगैसी ने शानदार खेल दिखाते हुए स्विस खिलाड़ी निकिता विटियुगोव को हराया।
तालिका में फिलहाल ईरानी खिलाड़ी मघसूदलू 4.5 अंकों के साथ टॉप पर हैं। उनके पीछे अर्जुन, ब्लूबाम और मिश्रा चार-चार अंकों के साथ बराबरी पर हैं।
महिला वर्ग में भारत के लिए राहत की खबर है। आर वैशाली ने रूस की कैटरीना लागनो के खिलाफ ड्रॉ खेलकर संयुक्त बढ़त बनाए रखी। वहीं जर्मनी की दिनारा वैगनर और अज़रबैजान की उल्विया फतालियेवा भी चार अंक के साथ टॉप पोजीशन पर हैं।
दोस्तों, इस टूर्नामेंट की कुल प्राइज मनी है 6.25 लाख अमेरिकी डॉलर, यानी लगभग 5 करोड़ रुपये। महिला वर्ग के लिए अलग से 2.3 लाख डॉलर, यानी लगभग 2 करोड़ रुपये रखे गए हैं। खास बात यह कि हर वर्ग से टॉप दो खिलाड़ी सीधे अगले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में एंट्री पाएंगे।










