Dr Abhishek Child Care

स्वतंत्रता दिवस समारोह के पूर्व पुलिस केंद्र में हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल, मुख्य राजकीय समारोह में मंत्री दीपक बिरुआ करेंगे ध्वजारोहण

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Full-dress rehearsal held at the Police Centre ahead of Independence Day celebrations
Srinath Advertisement
Dayal Advertisement

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : पश्चिमी सिंहभूम जिले में 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य समारोह के भव्य आयोजन से पूर्व पुलिस केंद्र, चाईबासा में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार के नेतृत्व एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की उपस्थिति में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्धारित समयानुसार सर्वप्रथम मंच पर पुलिस अधीक्षक तथा तत्पश्चात उपायुक्त का आगमन हुआ, जिसके बाद परेड में शामिल सभी प्लाटून द्वारा दोनों वरीय अधिकारियों को विधिवत सलामी दी गई। सलामी के उपरांत उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात राष्ट्रगीत उपरांत उपायुक्त द्वारा ध्वजारोहण कर रिहर्सल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

यह भी पढ़े : रांची में छात्र आंदोलन को लेकर बढ़ी सुरक्षा, CM आवास पर 100 से अधिक अतिरिक्त जवान तैनात

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस केंद्र-चाईबासा में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह में राज्य के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग तथा परिवहन विभाग के माननीय मंत्री दीपक बिरुआ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। माननीय मंत्री के कर-कमलों द्वारा पूर्वाह्न 9:05 बजे गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य राजकीय कार्यक्रम के समापन के पश्चात पूर्वाह्न 10:10 बजे सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल आयुक्त कार्यालय परिसर में आयुक्त द्वारा तिरंगा फहराया जाएगा। इसी क्रम में जिला परिषद कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय सदर चाईबासा तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत पूर्वाह्न 10:50 बजे जिला समाहरणालय परिसर में उपायुक्त श्री मनीष कुमार द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस की मुख्य परेड का नेतृत्व परिचारी प्रवर मंशु गोप करेंगे। इस वर्ष परेड में कुल 10 आकर्षक प्लाटून एवं एक बैंड पार्टी हिस्सा ले रही है। परेड टुकड़ियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक दल, जिला सशस्त्र पुलिस के दो दल, सहायक पुलिस बल का एक दल, गृह रक्षक का एक दल, एनसीसी के तीन दल (टाटा कॉलेज, मांगी लाल रुंगटा उच्च विद्यालय तथा संत जेवियर बालिका विद्यालय) और स्काउट एंड गाइड चाईबासा का दल शामिल है। इसके अतिरिक्त संत जेवियर उच्च विद्यालय, लुपंगुटू की बैंड पार्टी अपनी सुमधुर धुनों से परेड का मार्गदर्शन करेगी।

फुल ड्रेस रिहर्सल के इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के तमाम वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। उपस्थित पदाधिकारियों में अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता देवेंद्र कुमार, सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी तथा गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अन्य दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। सभी पदाधिकारियों ने मुख्य समारोह को शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने हेतु तैयारियों की समीक्षा की।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Social Samvad Creator
Exit mobile version