सोशल संवाद / डेस्क : स्मार्टफोन यूजर्स की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है फोन की बैटरी का जल्दी खत्म होना। कई बार कुछ ऐप्स बैकग्राउंड में ज्यादा सिस्टम संसाधनों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे बैटरी तेजी से खत्म होने लगती है। अब इस समस्या को कम करने के लिए Google एक नया फीचर ला रहा है।
यह भी पढे : Phone Slow Problem: स्टोरेज फुल ही नहीं, इन कारणों से भी धीमा हो जाता है आपका स्मार्टफोन
दरअसल, Google Play Store अब ऐसे ऐप्स पर चेतावनी दिखाएगा जो जरूरत से ज्यादा बैटरी का इस्तेमाल करते हैं। इससे यूजर्स को ऐप डाउनलोड करने से पहले ही पता चल जाएगा कि कौन-सा ऐप फोन की बैटरी ज्यादा खर्च कर सकता है।

‘Wake Lock Metric’ सिस्टम से होगी निगरानी
Google ने इसके लिए Wake Lock Metric नाम का नया सिस्टम शुरू किया है। यह तकनीक उन ऐप्स की पहचान करेगी जो फोन को लंबे समय तक “जाग्रत” रखते हैं और बैकग्राउंड में ज्यादा बैटरी खर्च करते हैं।
अगर कोई ऐप 24 घंटे में दो घंटे से ज्यादा समय तक फोन के CPU को सक्रिय रखता है, तो उसे “अत्यधिक बैटरी उपयोग” वाले ऐप की श्रेणी में रखा जा सकता है।
Play Store पर दिखाई देगा चेतावनी संदेश
ऐसे ऐप्स के लिए Play Store पर एक वार्निंग लेबल दिख सकता है, जिसमें बताया जाएगा कि यह ऐप बैटरी ज्यादा खर्च कर सकता है। इससे यूजर्स डाउनलोड करने से पहले ही सतर्क हो सकेंगे।
ऐप्स की विजिबिलिटी भी हो सकती है कम
अगर कोई ऐप लगातार ज्यादा बैटरी खर्च करता है, तो Google Play Store पर उसकी विजिबिलिटी कम कर सकता है। यानी ऐसे ऐप्स कम रिकमेंड होंगे और सर्च या डिस्कवरी सेक्शन में भी नीचे दिख सकते हैं।
यूजर्स और डेवलपर्स दोनों को फायदा
इस नए सिस्टम का मकसद यूजर्स को बेहतर अनुभव देना और डेवलपर्स को अपने ऐप्स को अधिक बैटरी-फ्रेंडली बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे स्मार्टफोन की बैटरी लाइफ बेहतर हो सकती है और अनावश्यक बैटरी खपत कम होगी।
Google का यह नया फीचर यूजर्स के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। अब Play Store पर ही पता चल जाएगा कि कौन-सा ऐप फोन की बैटरी ज्यादा खर्च करता है, जिससे लोग सही ऐप चुन सकेंगे।









