सोशल संवाद/डेस्क: Bihar में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। बिहार स्टाफ सिलेक्शन कमीशन यानी BSSC की इंटर लेवल भर्ती 2026 के तहत राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्तियां की जाएंगी। यह भर्ती खास तौर पर उन उम्मीदवारों के लिए है, जिन्होंने 12वीं कक्षा पास कर ली है और स्थायी सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: 7वीं-10वीं पास भी पा सकेंगे वर्दी, 810 होम गार्ड पदों पर निकली है भर्ती
BSSC इंटर लेवल भर्ती बिहार की सबसे लोकप्रिय भर्तियों में गिनी जाती है क्योंकि इसमें कम शैक्षणिक योग्यता में सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलता है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पहले से शुरू है और अब इसकी अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 जनवरी 2026 कर दी गई है। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 13 जनवरी 2026 तय की गई है। उम्मीदवार BSSC की आधिकारिक वेबसाइट bssc.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के माध्यम से कुल 24,492 पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें लोअर डिवीजन क्लर्क, पंचायत सचिव और टाइपिस्ट जैसे कई अहम पद शामिल हैं। उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम योग्यता किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। आयु सीमा की बात करें तो पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 37 वर्ष और महिला उम्मीदवारों के लिए 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट भी दी जाएगी।
इतनी बड़ी संख्या में वैकेंसी आने से लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका मिलेगा। ऐसे में योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट से जरूर जांच लें।










