जमशेदपुर में ग्राहक पंचायत की विचार गोष्ठी, ‘हलाल सर्टिफिकेशन’ पर हुई चर्चा

By Riya Kumari

Published :

Follow
जमशेदपुर में ग्राहक पंचायत की विचार गोष्ठी, ‘हलाल सर्टिफिकेशन’ पर हुई चर्चा

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से ‘ग्राहक बोध से राष्ट्र रक्षा’ और ‘हलाल सर्टिफिकेशन : तथ्य, चुनौती और समाधान’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जागरूक ग्राहक बनने, उपभोक्ता अधिकारों और हलाल सर्टिफिकेशन से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।

यह भी पढे : सोना देवी विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स वीक का शुभारंभ, मोटिवेशनल स्पीकर ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह मंत्री जीतेन्द्र रहे। वहीं मंच पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक सत्यप्रकाश, ग्राहक पंचायत की प्रांत अध्यक्ष डॉ. कल्याणी कबीर, प्रांत उपाध्यक्ष ऐंजिल उपाध्याय और जिला अध्यक्ष पप्पू सिंह मौजूद रहे।

ग्राहक अधिकारों को लेकर जागरूकता पर जोर

कार्यक्रम की शुरुआत ग्राहक गीत के बाद मां भारती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ हुई। इसके बाद संगठन मंत्र का वाचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रांत संगठन मंत्री वी. प्रभु ने किया।

क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति ने ग्राहक पंचायत के इतिहास और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों के हितों और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में ग्राहक की महत्वपूर्ण भूमिका है और उसके हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

उन्होंने ग्राहक पंचायत की स्थापना और उपभोक्ता अधिकारों के लिए संगठन द्वारा किए गए कार्यों की भी जानकारी दी।

‘हलाल सर्टिफिकेशन’ पर जीतेन्द्र ने रखे विचार

मुख्य वक्ता जीतेन्द्र ने हलाल सर्टिफिकेशन और हलाल अर्थव्यवस्था को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने दावा किया कि इसके माध्यम से एक समानांतर आर्थिक व्यवस्था विकसित हो रही है और इससे समाज एवं अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने उपस्थित लोगों से खरीदारी के दौरान उत्पादों की जानकारी और प्रमाणन को लेकर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राहक अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझें तथा किसी भी उत्पाद को खरीदने से पहले उसकी जानकारी जरूर लें।

समाज को शोषण मुक्त बनाने का आह्वान

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. कल्याणी कबीर ने कहा कि समाज को शोषण से मुक्त बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

इस दौरान कार्यकर्ता डोली परिहार ने एकल गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष पप्पू सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उपासना सिन्हा और माधवी उपाध्याय के संयुक्त स्वर में वंदे मातरम् गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम में प्रांत कोषाध्यक्ष चंद्रनाथ बनर्जी, महिला आयाम प्रमुख रूबी लाल, प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख अंशु कुमार, पूर्वी सिंहभूम महिला आयाम प्रमुख प्रीति सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version