सोशल संवाद / जमशेदपुर : ट्रांसपोर्ट नगर डिमना चौक से संकोसाई रोड नंबर 4 होते हुए पुनः ट्रांसपोर्ट नगर तक, वीर सैनिकों के सम्मान में भाजपा मानगो मंडल एवं भाजपा उलीडीह मंडल के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा उत्साह, उमंग और अटूट देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रही। मार्ग भर तिरंगे की शान लहराती रही, जोशीले देशभक्ति के नारे और सुरम्य सांस्कृतिक देशगान गूंजते रहे, जिससे वातावरण गर्व और रोमांच से भर उठा।

यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलें महामंत्री आरके सिंह , एचआर हेड एवं अन्य
व्यावसायिक प्रकोष्ठ, भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश के संयोजक नीरज सिंह ने तिरंगा यात्रा में प्रमुख भूमिका निभाते हुए पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं और जनता में जोश भरने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा, हमारी एकता और हमारे बलिदानों का प्रतीक है। यह यात्रा हमें स्मरण कराती है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा करे।” उन्होंने आगे कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक ऐसी राष्ट्रवादी विचारधारा है जो जनसेवा, देशभक्ति और बलिदान के सिद्धांतों पर चलती है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेतागण, युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा भारी संख्या में स्थानीय नागरिक देशप्रेम के अद्भुत जोश के साथ शामिल हुए। चारों ओर तिरंगे की छटा, गूंजते देशभक्ति गीत, और वीर सैनिकों के शौर्य एवं बलिदान को नमन करती आंखों में गर्व की चमक साफ झलक रही थी।
पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गगन गुंजायमान हो उठा। यह तिरंगा यात्रा न केवल वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि थी, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का जीवंत प्रतीक बनकर जनमानस में देशभक्ति की लौ प्रज्वलित कर गई।








