सोशल संवाद / सरायकेला: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
फरियादियों की समस्याएं सुनकर मौके पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जबकि अन्य मामलों को आवश्यक जांच एवं समाधान हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों से आए जनहित के मामले
इस साप्ताहिक जनता दरबार में कई महत्वपूर्ण जनसमस्याएं सामने आईं। इनमें प्रमुख रूप से चांडिल प्रखंड के हमसदा क्षेत्र में सेविका चयन विवाद, अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामले, निर्धारित मजदूरी दर से कम भुगतान की शिकायत, आदित्यपुर क्षेत्र में भूमि विवाद, अतिक्रमण हटाने की मांग, पेयजल आपूर्ति की समस्या, पीसीसी सड़क निर्माण तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से संबंधित आवेदन शामिल रहे।
इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन कार्ड, पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किए।
समयबद्ध समाधान पर जोर
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
साप्ताहिक जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी और पारदर्शिता के साथ किया जा सके।









