सोशल संवाद / जमशेदपुर : उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक लो प्रेशर एरिया बन गया है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके अच्छी तरह से चिह्नित होने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर उत्तरी ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटों की ओर बढ़ने की संभावना है। इसका प्रभाव कोल्हान समेत राज्य के जिलों में देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़े : झारखंड के इन जिलों में अगले 3 घंटे में वज्रपात और बारिश की चेतावनी
इसके कारण कई जिलों में बारिश कहर बरपा सकती है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 24 जुलाई को दी। इसको लेकर राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसका असर 25 से 27 जुलाई तक कोल्हान यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां जिले में पड़ने की संभावना है। इसके बाद अगले 3 दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
आज गुरुवार को जमशेदपुर के कुछ हिस्सों में हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हुई। शाम 5:30 बजे तक कुल 16.4 मिमी बारिश हुई। आज का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा है। यहां 24 घंटे में 2.6 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां 24 घंटे में 1.2 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट आई है।










