सोशल संवाद/डेस्क: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बड़ा कानूनी कदम उठाया है। हाल ही में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए उन्होंने 500 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया है।

यह भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव का बड़ा ऐलान, राजपाल यादव को 11 लाख की करेंगे मदद
सीएम सरमा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि यह केस कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के खिलाफ दायर किया गया है। मुख्यमंत्री का कहना है कि संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके और उनके परिवार पर बिना सबूत गंभीर आरोप लगाए गए।
दरअसल, कांग्रेस की ओर से दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने राज्य में बड़ी मात्रा में जमीन पर कब्जा किया है। इसके अलावा गौरव गोगोई ने एक वीडियो बयान में हिमंत बिस्वा सरमा पर समुदाय विशेष के खिलाफ हिंसा भड़काने जैसे आरोप भी लगाए थे।
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि इन आरोपों से उनकी व्यक्तिगत और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने साफ किया कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन झूठे और बेबुनियाद आरोपों को स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसी वजह से उन्होंने कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुना है।










