सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में एक महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर धोखे से दूसरी शादी कराने, दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने सोनारी थाना और वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढे : सरायकेला-खरसावां में अवैध महुआ शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 3 चुलाई अड्डे ध्वस्त

पीड़िता हेमलता के अनुसार, उसका विवाह नोआमुंडी निवासी कुंदन वर्मा के साथ परिवार की सहमति से कराया गया था। महिला का आरोप है कि शादी के समय नकद राशि और लाखों रुपये का सामान दहेज के रूप में दिया गया था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने मकान मरम्मत के नाम पर अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
गर्भावस्था के दौरान घर से निकालने का आरोप
महिला का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे गर्भावस्था के दौरान घर से निकाल दिया गया। बाद में सामाजिक समझौते के तहत उसके पिता ने एक लाख रुपये दिए, जिसके बाद उसे दोबारा ससुराल लाया गया। हालांकि ससुराल पक्ष लगातार बाकी रकम देने का दबाव बनाता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुराल में उसे कथित तौर पर तंत्र-मंत्र से जुड़ी चीजें और एक्सपायर्ड दवाइयां जबरन दी जाती थीं। महिला का कहना है कि इससे उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति प्रभावित होने लगी थी।
पति पर पहले से शादीशुदा होने का आरोप
महिला के अनुसार, एक दिन उसका पति दूसरी महिला और बच्चे को घर लेकर आया और बताया कि वह उसकी पहली पत्नी और बच्चा है। विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति के अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं।
इसके बाद महिला मायके लौट आई, जहां उसने बेटी को जन्म दिया। महिला का आरोप है कि बेटी होने की जानकारी मिलते ही पति और ससुराल पक्ष नाराज हो गए और उसे वापस ले जाने के लिए फिर से पैसों की मांग करने लगे।

मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, 19 अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष के लोग सोनारी स्थित उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ बाल पकड़कर मारपीट की गई और गला दबाने की कोशिश भी की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया।
घटना के बाद पीड़िता ने इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया। महिला का कहना है कि 2 मई 2026 को सोनारी थाना में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने नगर पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधिकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।










