सोशल संवाद / नई दिल्ली : विश्व पर्यावरण दिवस पर विगत कुछ वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर भारतीय जनता पार्टी की सरकारें एवं संगठन “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम चलाते हुए वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित करते हैं।
यह भी पढे : JEE Advanced 2026 में बड़ा डेटा लीक! IIT रुड़की की चूक से हजारों छात्रों की जानकारी हुई सार्वजनिक

दिल्ली भाजपा के “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के संयोजक विधायक राजकुमार भाटिया के अनुसार भाजपा संगठन की ओर से सभी 256 मंडलों में वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया जिनमें प्रदेश अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा सहित अनेक वरिष्ठ नेता सम्मिलित हुए।
इसी श्रृंखला में आज नई दिल्ली नगर पालिका द्वारा नेहरु पार्क, चाणक्यपुरी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद सुश्री बाँसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, एन.डी.एम.सी. उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, सदस्य दिनेश प्रताप सिंह एवं सरिता तोमर, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी आदि भी उपस्थित रहे। पर्यावरण दिवस के एक अन्य सरकारी कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मैदानगढ़ी में वृक्षारोपण किया।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली के सैनी एंक्लैव के डी.डी.ए. पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शाहदरा जिलाध्यक्ष दीपक गाबा आदि की उपस्थिति में चाईना डोल नामक पौधा लगा कर उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।
निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने मयूर विहार फेस 1 के एक पार्क में मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेन्द्र धामा की उपस्थिति में “आम” के पेड़ लगाये। प्रदेश महामंत्री एवं सांसद योगेन्द्र चांदोलिया ने रोहिणी सेक्टर 14 के डिस्ट्रिक्ट पार्क में “अमलटास” का वृक्ष लगाया। चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने प्रदेश भाजपा के सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता की शास्त्री पार्क, आसफ अली रोड़ पर “आम” के पेड़ लगाये।
दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं दिल्ली जलबोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मालवीय नगर के पं. मदन मोहन मालवीय पार्क सहित 5 स्थानों पर “अशोक एवं नीम” के पेड़ पौधे लगाए। राज्यसभा सांसद सुश्री स्वाति मालीवाल ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अजमेरी गेट स्थित देशबंधु पार्क में फाइकस पांडा के पौधे लगाये। दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल ने लाल किला पुलिस चौकी के पास स्थानीय निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता के साथ तेज़ आक्सीजन देने वाले “पीपल” के वृक्ष लगाए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एकत्र कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों को सम्बोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पौधारोपण के उपरांत हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण कर उन्हें जीवन देती है, उसी प्रकार प्रकृति भी मानव जीवन का आधार है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान मातृत्व के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को एक साथ जोड़ने वाला एक प्रेरणादायी अभियान है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के अनेक प्रयास किए गए हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने देशभर में लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि लाखों लोग अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर उन्हें प्रकृति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं, जो भारतीय संस्कृति में प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है।
हर्ष मल्होत्रा ने सभी दिल्लीवासियों, विशेषकर युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आवासीय कल्याण संघों से अपील की कि वे विश्व पर्यावरण दिवस को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानें, बल्कि वर्षभर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों में भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में देशभर में करोड़ों नए वृक्ष खड़े होंगे और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकारों के प्रयासों से ही संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन का समर्थन मिलेगा और यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।










