सोशल संवाद / डेस्क : रांची में खेले गए भारत-साउथ अफ्रीका के बीच पहले रोमांचक वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने 17 रनों से शानदार जीत दर्ज की और 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने विराट कोहली के दमदार 135, रोहित शर्मा के 57 और केएल राहुल के 60 रनों की मदद से 350 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 332 रनों पर सिमट गई।

यह भी पढ़े : IND vs SA: लगातार 19वीं बार टॉस हार गया भारत, साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐसी है प्लेइंग इलेवन
भारत की ओर से शानदार गेंदबाजी
कुलदीप यादव भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 विकेट लेकर अफ्रीकी मध्यक्रम को झकझोर दिया। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया और शुरुआती ओवरों में 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह को 2 और प्रसिद्ध कृष्णा को 1 विकेट मिला।
टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार झेलने के बाद टीम इंडिया के लिए यह वनडे सीरीज काफी अहम थी, ऐसे में रांची में मिली यह जीत टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली रही।
साउथ अफ्रीका की पारी: शुरुआत खराब, बीच में दमदार वापसी
350 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद कमजोर रही। पारी के दूसरे ही ओवर में हर्षित राणा ने रयान रिकेल्टन और क्विंटन डिकॉक को पवेलियन भेजकर भारत को सपने जैसा आगाज़ दिलाया। इसके बाद पाँचवें ओवर में एडेन मार्करम भी अर्शदीप सिंह की गेंद पर चलते बने।
यहाँ से डी ज़ोरज़ी और ब्रीट्ज़के ने पारी को सँभालने की कोशिश की, लेकिन 15वें ओवर में कुलदीप ने ज़ोरज़ी का विकेट तोड़ा। फिर ब्रेविस ने 37 रन की छोटी लेकिन उपयोगी पारी खेली, लेकिन राणा ने उन्हें भी आउट कर दिया।
सबसे धमाकेदार बल्लेबाजी दिखाई मार्को जानसेन और मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने, दोनों के बीच 97 रनों की साझेदारी हुई। जानसेन ने 26 गेंदों में पचासा जड़ा और 39 गेंदों में 70 रन बनाए। कुलदीप ने 33वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर भारत को मैच में वापसी दिलाई।
अंत में बर्गर और बोश ने मैच को रोमांचक मोड़ पर पहुँचाया, लेकिन 47वें ओवर में अर्शदीप ने बर्गर को आउट किया और आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने बोश को पवेलियन भेजकर भारत की जीत पक्की कर दी।
भारत की बल्लेबाजी: कोहली-रोहित की साझेदारी ने संभाली पारी
भारत की शुरुआत भी थोड़ी लड़खड़ाई। यशस्वी जायसवाल 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 136 रनों की साझेदारी करते हुए पारी को पटरी पर लाया।
- रोहित ने 51 गेंदों में 57 रन बनाए और वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
- विराट कोहली ने क्लासिक अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंदों में शतक पूरा किया और अंत में 135 रनों की शानदार पारी खेली।
- ऋतुराज गायकवाड़ (8), वाशिंगटन सुंदर (13) सस्ते में आउट हुए, लेकिन कप्तान केएल राहुल ने 60 रनों की उपयोगी पारी खेली।
- इन पारी के दम पर भारत ने 350 रनों का बड़ा स्कोर बनाया, जो अंत में निर्णायक साबित हुआ।










