सोशल संवाद / रांची : नौ अक्तूबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होनेवाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर जेएससीए प्रबंधन ने तैयारियां शुरू कर दी है. इस बार मैच देखने के लिए दर्शकों को पिछली बार की तुलना में अधिक जेब ढीली करनी पड़ सकती है. जेएससीए सूत्रों के अनुसार अलग-अलग स्टैंड के लिए टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना है.
यह भी पढ़े : Jamshedpur में शुरू हुई Navya LPG सेवा, 10 किलो का हल्का और पारदर्शी Composite Cylinder मिलेगा
हालांकि, टिकट की अंतिम दर और बिक्री शुरू होने की तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है. मैच में अब करीब एक माह का समय है. ऐसे में जेएससीए प्रबंधन मैच से पहले स्टेडियम की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने में जुटा है. स्टेडियम के मेंटेनेंस का काम जल्द शुरू किया जायेगा. वहीं, स्टेडियम की इंटरनल सिक्योरिटी व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है. रात में होनेवाले मुकाबले को देखते हुए फ्लड लाइट्स की टेस्टिंग भी करायी जायेगी. स्टेडियम के प्रवेश द्वार, दर्शक दीर्घा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को मैच से पहले तैयार किया जायेगा.
30 नवंबर 2025 को जेएससीए स्टेडियम में हुआ था आखिरी मैच :
जेएससीए स्टेडियम में अब तक करीब एक दर्जन अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं. इनमें ज्यादातर मैचों में भारत की जीत हुई है. यहां आखिरी मैच 30 नवंबर 2025 को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे खेला गया था. इसमें भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 17 रनों से हराया था.









