सोशल संवाद/डेस्क: लोहनगरी और आसपास के हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। Sonari Airport से भुवनेश्वर और कोलकाता के लिए संचालित इंडिया वन एयर की सेवाएं भविष्य में भी जारी रहेंगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (RCS-Udan) के तहत कंपनी के लाइसेंस नवीकरण को मौखिक स्वीकृति दे दी है।

यह भी पढ़ें: Royal Farewell Ceremony Celebrates Legacy, Leadership and New Beginnings
सोनारी एयरपोर्ट से इस सेवा की शुरुआत तीन साल पहले हुई थी और इसका मौजूदा लाइसेंस 31 जनवरी 2026 को समाप्त होने वाला था। हालांकि, मंत्रालय ने तकनीकी प्रक्रियाओं के बीच अवधि विस्तार की हरी झंडी दे दी है। अब कंपनी प्रबंधन केवल औपचारिक लिखित आदेश का इंतजार कर रही है। टाटा स्टील प्रबंधन ने भी अपने एयरपोर्ट से विमानों के परिचालन के लिए पहले ही सहमति दे दी है।
याद दिला दें कि 10 जनवरी 2026 को राउरकेला में इंडिया वन एयर का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके कारण सोनारी एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें अस्थायी रूप से बंद हो गई थीं। कंपनी ने नया 9-सीटर कैरावेन (Caravan) विमान ऑर्डर कर रखा है, जो मार्च 2026 तक बेड़े में शामिल हो जाएगा। इसके साथ ही जमशेदपुर-भुवनेश्वर और जमशेदपुर-कोलकाता रूट पर उड़ानें फिर से बहाल हो जाएंगी।
वर्तमान में कंपनी का संचालन भुवनेश्वर-जयपुर और भुवनेश्वर-राउरकेला के बीच जारी है। वहीं, झारखंड सरकार की ओर से अभी भी मंजूरी लंबित है। कंपनी द्वारा कई आवेदन पहले ही दिए जा चुके हैं, लेकिन राज्य सरकार की तरफ से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यात्रियों को उम्मीद है कि नए विमान के आने और अनुमोदन के बाद सोनारी एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध होंगी।










