सोशल संवाद / सरायकेला: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुफ़स्सिल थाना पुलिस ने सरायकेला मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और ड्रिंक एंड ड्राइव की विशेष जांच की गई।


हेलमेट, सीट बेल्ट और दस्तावेजों की हुई जांच
वाहन जांच के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने के साथ-साथ सभी जरूरी कागजात अद्यतन रखने की सलाह दी।
ड्रिंक एंड ड्राइव में एक चालक पर जुर्माना
अभियान के दौरान थाना प्रभारी विनोद कुमार ने स्वयं ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच की। इस दौरान एक वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिस पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया और वाहन को जब्त कर लिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर अपराध है। इसके लिए ₹10,000 तक जुर्माना लगाया जा सकता है तथा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द भी किया जा सकता है।
परमिट में गड़बड़ी मिलने पर बस सीजर
वाहन जांच के क्रम में एक यात्री बस का परमिट त्रुटिपूर्ण पाया गया। आवश्यक दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर बस को जब्त (सीजर) कर लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
यातायात नियमों के पालन की अपील
थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की कि वे तेज गति, लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
परिवहन विभाग की भी रही मौजूदगी
इस विशेष अभियान में जिला परिवहन कार्यालय के मोटरयान निरीक्षक (MVI) समेत परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे। संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।










