सोशल संवाद / चक्रधरपुर: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मधुसूदन पब्लिक स्कूल, आसानतलिया (चक्रधरपुर) में “योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ आयु के लिए योग)” विषय पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर चर्चा के साथ हुई। वक्ताओं ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक ऐसी आध्यात्मिक प्रक्रिया है जो व्यक्ति को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्मिक संतुलन प्रदान करती है। योग के नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन अधिक अनुशासित बनता है।
विद्यार्थियों ने किया विभिन्न योगासनों का अभ्यास
विद्यालय के खेल शिक्षक राहुल साधु, हिमांशु महतो तथा खेल शिक्षिका लक्ष्मी साहा के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने सूर्य नमस्कार, त्रिकोणासन, भुजंगासन, प्राणायाम सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने विशेष योगासनों का आकर्षक प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
योग से बढ़ती है एकाग्रता और आत्मविश्वास: प्राचार्य
विद्यालय के प्राचार्य के. नागराजू ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव और चिंता कम होती है, एकाग्रता बढ़ती है तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक मानसिक शक्ति विकसित होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रतिदिन योग करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य के. नागराजू, उप-प्राचार्या आरती कोड़वार, परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार चक्रवर्ती, सीसीए संयोजक के. एल. नारायण सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 12वीं की छात्रा मान्या ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीसीए संयोजक के. एल. नारायण द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।










