सोशल संवाद/डेस्क : मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, झारखंड के अधिकांश जिलों में अगले एक सप्ताह तक सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, जबकि शुष्क मौसम के कारण कहीं भी बारिश नहीं होगी।
यह भी पढे : झारखंड में दिखेगी बादलों की चहलकदमी; 26 जनवरी तक ऐसा रहेगा मौसम
मध्य झारखंड के रांची,खूंटी, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में सुबह दृश्यता प्रभावित हो सकती है। दोपहर बाद मौसम सामान्य हो जाएगा। दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों में भी सुबह हल्का कोहरा और आंशिक बादल नजर आएंगे।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की धीमी बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। उसके बाद तीन दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 25 जनवरी तक सुबह कोहरा या धुंध रहेगी, बाद में साफ आसमान।
यहां अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9-12 डिग्री के बीच रहेगा। ठंड का असर कम हो रहा है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, विभाग ने वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और यात्रियों को सुबह सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई।
बीते 24 घंटों में क्या रहा तापमान
बीते 24 घंटों में चाईबासा का अधिकतम तापमान 30.4°C (सामान्य से 5.2°C अधिक) रहा, जो सबसे ज्यादा था। खूंटी में न्यूनतम 5.1°C दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम 26.6°C (सामान्य से 2.4°C अधिक) और न्यूनतम 8.4°C रहा। जमशेदपुर और डालटनगंज में क्रमशः 28°C व 28.8°C तापमान दर्ज हुआ।
कई जगहों पर अधिकतम तापमान में 2.1-4.0°C की वृद्धि देखी गई। मौसम पूर्वानुमान पदाधिकारी ने बताया कि शुष्क मौसम जारी रहेगा, इसलिए ठंड से जुड़ी कोई विशेष सलाह जरूरी नहीं। लोग गर्म कपड़े पहनकर सुबह बाहर निकलें।










