सोशल संवाद / जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के एग्रीको ट्रैफिक सिग्नल के पास रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी उनकी बाइक एक अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आ गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढे : 30 हाथियों का झुंड सुरक्षित निकला, 7 दिन चला अभियान
मृतकों की पहचान मानगो के चंद्रावती नगर निवासी दीप राम और उनके पुत्र यश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मार्बल कारोबार से जुड़े थे। उनकी पूजा मार्बल नाम से दुकान है और वे मार्बल से मंदिर निर्माण का काम भी करते थे।
सामान लेने एग्रीको गए थे पिता-पुत्र
मिली जानकारी के अनुसार, दीप राम अपने पुत्र यश के साथ बाइक से एग्रीको क्षेत्र में दुकान के लिए कुछ सामान लेने गए थे। इसी दौरान एग्रीको ट्रैफिक सिग्नल के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
MGM अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हाइवा जब्त, चालक फरार
घटना की सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हाइवा को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
त्योहार के माहौल के बीच हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।










