सोशल संवाद / जमशेदपुर : Jamshedpur पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने शुक्रवार को भुईयाडीह स्थित लिट्टी चौक से मानगो एनएच-33 को जोड़ने वाले स्वर्णरेखा नदी पर बन रहे पुल और फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल पहुंचकर कार्य की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण एजेंसियों को काम की रफ्तार तेज करने का निर्देश दिया।

यह भी पढे : Birsaite Society Dharma Diwas: अहिंसा, प्रेम और सद्भावना का संदेश देता है बिरसाईत समाज : सांसद जोबा माझी
पुल निर्माण की धीमी रफ्तार पर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक से निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर शिकायत की। इस पर अधिकारियों ने बताया कि पुल का शिलान्यास वर्ष 2024 में हो चुका था, लेकिन डिज़ाइन में बदलाव के कारण कार्य में देरी हुई।
अभियंताओं के अनुसार, प्रारंभिक डिज़ाइन में पुल का अंतिम खंभा मानगो की ओर नदी के भीतर पड़ रहा था। विधायक Saryu Roy ने इस पर आपत्ति जताई थी और खंभे को नदी किनारे शिफ्ट करने का सुझाव दिया था। इसके बाद संशोधित डिज़ाइन तैयार कर मुख्यालय भेजा गया, जिसकी स्वीकृति मिलने में करीब एक वर्ष का समय लग गया। दो महीने पहले ही नए डिज़ाइन को मंजूरी मिली, जिसके बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ।
नदी के दोनों ओर जारी है निर्माण कार्य
वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि नदी के दोनों ओर तेजी से कार्य किया जा रहा है। लिट्टी चौक की ओर दो खंभों का बेस तैयार हो चुका है, जबकि तीसरे खंभे पर काम जारी है। दूसरी ओर मानगो साइड में दो खंभों के लिए खुदाई की जा रही है।
निर्माण स्थल पर भारी मशीनों से कार्य किया जा रहा है। हालांकि सबसे बड़ी चुनौती नदी के बीच में बनने वाले दो खंभों को तैयार करना है, जहां फिलहाल लगभग चार फीट पानी बह रहा है।
मॉनसून से पहले पूरा करने का निर्देश
विधायक Saryu Roy ने पथ निर्माण विभाग और निर्माण कंपनी के अभियंताओं को निर्देश दिया कि मॉनसून आने से पहले नदी के भीतर बनने वाले खंभों की नींव तैयार कर ली जाए। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने के बाद निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने निर्माण एजेंसी को अतिरिक्त मशीनरी और मानव बल लगाने की भी सलाह दी ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके।
एक साल में काम पूरा करने का दावा
अभियंताओं ने बताया कि पुल निर्माण पूरा होने में अभी लगभग एक वर्ष का समय लगेगा। इस पर विधायक ने संदेह जताते हुए कहा कि वर्तमान गति से लक्ष्य हासिल करना मुश्किल होगा। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि संवेदक से बातचीत कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
मानगो ट्रैफिक समस्या से मिलेगी राहत
विधायक Saryu Roy ने कहा कि पुल बन जाने के बाद कोलकाता और रांची की ओर से आने वाले भारी वाहन सीधे इस मार्ग से गुजरेंगे, जिससे मानगो नगर निगम क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से डोबो और आसपास के क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा तथा इसका सकारात्मक असर गालूडीह और घाटशिला तक देखने को मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद जितेंद्र साव, स्थानीय नागरिक राजा राम, पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।










