सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर में काली पूजा के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित आवास पर भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में झारखंड के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक पहुंचे। सभी ने महाप्रसाद ग्रहण कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
यह भी पढे : NEET PG 2026: माउस खराब होने पर दोबारा परीक्षा की मांग खारिज, MP हाईकोर्ट का फैसला
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का माहौल देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अपने आवास पर पहुंचे अतिथियों, श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में लोगों ने एक-दूसरे को काली पूजा, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की भी शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि हमारे पर्व-त्योहार भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करते हैं।
केंद्रीय मंत्री से लेकर सांसद-विधायक तक हुए शामिल
महाप्रसाद कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, अमर बाउरी, मनोज सिंह और गणेश मिश्रा शामिल हुए।
इसके अलावा जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पलामू के सांसद बीडी राम, धनबाद के सांसद ढुलू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और सिमरिया के विधायक उज्ज्वल दास की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद पीएन सिंह, यदुनाथ पांडेय, दिनेशानंद गोस्वामी, रांची की मेयर रोशनी खलखो, आदित्यपुर के मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुश सिंह, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस सहित कई पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी पहुंचे।
औद्योगिक जगत की हस्तियों ने भी की शिरकत
राजनीतिक हस्तियों के साथ औद्योगिक और श्रमिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। इनमें टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग चार्या, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय और एसके बेहरा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
इस आयोजन को सफल बनाने में भाजपा जमशेदपुर महानगर और जमशेदपुर ग्रामीण के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाप्रसाद वितरण, अतिथियों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं में कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
अंत में अर्जुन मुंडा ने आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया।











