मरीन ड्राइव हादसे के बाद सड़क किनारे पार्किंग पर सख्ती, परिवहन विभाग ने दिए कार्रवाई के निर्देश

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
jamshedpur-marine-drive-accident-roadside-parking

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार की टक्कर में चार लोगों की मौत के बाद झारखंड परिवहन विभाग ने सड़क पर वाहनों की पार्किंग के खिलाफ सख्ती शुरू करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने राज्यभर में मुख्य सड़कों और सहायक सड़कों पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है।

यह भी पढ़े : नदियों में पहुंच रहा एंटीबायोटिक का जहर, विकास की नीति बदलने की जरूरत : सरयू राय

मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) की सेवाएं ली जाएं। निर्धारित पार्किंग स्थल के बाहर वाहन खड़ा करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की बात भी कही गई है।

मरीन ड्राइव हादसे के बाद बढ़ी चिंता

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव में 24 सितंबर की तड़के एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं। पुलिस के अनुसार हादसा करीब रात 2 से 3 बजे के बीच हुआ था।

हादसे में सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह की मौत हुई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी।

सड़क पर पार्किंग से दुर्घटना का खतरा

मरीन ड्राइव हादसे के बाद सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे। शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया कि ट्रक खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ा था। घटनास्थल की तस्वीरों में ट्रक के पीछे कोई स्पष्ट रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नजर नहीं आने की बात भी सामने आई थी।

इसी घटना के बाद परिवहन विभाग ने सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग को लेकर अभियान तेज करने का फैसला किया है।

गैराज और वाशिंग सेंटर संचालकों से भी अपील

परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने गैराज और वाशिंग सेंटर संचालकों से भी सड़क को पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। इसके साथ ही वाहन मालिकों और युवाओं से कहा गया है कि वे मुख्य सड़क या सहायक सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचें।

मंत्री के निर्देश के बाद अब जिला स्तर पर DTO और MVI के माध्यम से कार्रवाई किए जाने की तैयारी है। उद्देश्य सड़क पर आवागमन को सुचारू रखना और सड़क किनारे खड़े वाहनों से होने वाले संभावित हादसों को कम करना है।

निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करने की अपील

परिवहन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सड़क को पार्किंग स्थल न बनाएं और वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग जोन में ही खड़ा करें। विभाग का कहना है कि सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन यातायात में बाधा पैदा करने के साथ दुर्घटना का जोखिम भी बढ़ा सकते हैं।

मरीन ड्राइव हादसे के बाद सड़क सुरक्षा और अवैध पार्किंग का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। अब देखना होगा कि जिला स्तर पर शुरू होने वाला अभियान सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग को नियंत्रित करने में कितना प्रभावी रहता है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version