सोशल संवाद / जमशेदपुर : लौहनगरी में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद कार्यालयों में जबरदस्त भीड़ और गहमागहमी देखने को मिली। नामांकन के साथ ही अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर लगभग साफ हो गई है।
यह भी पढे : जाजपुर में चेन्नई–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के 3 कोच डिरेल, कोई हताहत नहीं
इस बार के नगर निकाय चुनाव में खास बात यह है कि मैदान में महिलाओं का वर्चस्व साफ नजर आ रहा है। मानगो की मेयर सीट हो या जुगसलाई की अध्यक्ष कुर्सी हर जगह कड़ा और रोचक मुकाबला तय माना जा रहा है।
मानगो नगर निगम: मेयर पद के लिए 16 दावेदार
मानगो नगर निगम में मेयर पद के लिए कुल 16 प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। नामांकन के अंतिम दिन 11 नए उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया। प्रमुख उम्मीदवारों में संध्या सिंह, सुधा गुप्ता, कुमकुम श्रीवास्तव, जेबा कादरी और शबाना बानो जैसे नाम शामिल हैं। सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थन आधार को मजबूत करने में जुट गए हैं।
जुगसलाई और चाकुलिया में भी कड़ा मुकाबला
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां रिंकू सिंह, आरती चौधरी, जसप्रीत कौर और नौशीन खान जैसी महिला नेताओं के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है।
वहीं चाकुलिया नगर पंचायत में भी चुनावी सरगर्मी तेज है। यहां संध्या रानी सरदार, चंदना मुर्मू, सोमवारी सोरेन और शीलावती टुडू सहित चार प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला पूरी तरह त्रिकोणीय और रोचक बन गया है।
नगर निकाय चुनाव 2026: अहम तारीखें
नामांकन के बाद अब चुनावी प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश कर चुकी है।
- 5 फरवरी: नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी)
- 6 फरवरी: नाम वापसी की अंतिम तिथि
- 7 फरवरी: चुनाव चिन्ह का आवंटन
- 23 फरवरी: मतदान
- 27 फरवरी: मतगणना और नतीजों की घोषणा
जनता तय करेगी जीत का फैसला
शहर के हर चौक-चौराहे और मोहल्ले में इन दिनों सिर्फ चुनाव और वोट की चर्चा है। प्रत्याशी विकास, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के वादों के साथ जनता के बीच पहुंच रहे हैं। अब सबकी निगाहें 23 फरवरी पर टिकी हैं, जब मतदाता ईवीएम के जरिए अपनी पसंद तय करेंगे। 27 फरवरी को यह साफ हो जाएगा कि जमशेदपुर के विकास की कमान किसके हाथों में जाएगी।










