सोशल संवाद/डेस्क: जमशेदपुर में 3 मई को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस का वेतन संकट: मार्च के वेतन का अब तक पता नहीं
बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले के 6 शिक्षण संस्थानों में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4231 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी, जबकि अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर क्राउड मैनेजमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों और प्रमुख चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षार्थियों की कड़ी फ्रिस्किंग की जाए और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केवल सरकारी कर्मियों को ही इनविजिलेटर के रूप में तैनात करने का आदेश दिया गया है। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को सैनिटाइज कर सील किया जाएगा।
इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी तैयारियां पूरी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी है।









